टोरंटो, 19 अक्टूबर। चीन और ताइवान के बीच तनाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। चीन रह रह कर अपनी हरकतों से एक ओर जहां ताइवान को उकसा रहा है वही विश्व के अन्य देशों को भी ताइवान की मदद करने पर धमका रहा है। बढ़ते तनाव के बीच चीन की सेना ने पिछले सप्ताह ताइवानी खाड़ी के रास्ते अमेरिका और कैनेडा द्वारा जंगी जहाज भेजने की निंदा की है। चीन ने बौखलाहट दिखाते हुए कहा कि दोनों देशों की इन उत्तेजक कार्रवाइयों ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को गंभीर रूप से खतरे में डाल दिया है। गौरतलब है कि चीन इस क्षेत्र पर अपना दावा करता है, जहां से गुजरने के लिए वह चीनी मंजूरी जरूरी मानता है।
आपको बता दें कि ताइवान स्ट्रेट 180 किलोमीटर चौड़ी खाड़ी है जो ताइवान और एशिया को अलग करती है। चीन और ताइवान के बीच लगातार रहने वाले तनाव के कारण यहां दोनों देशों की नौसेना और तटरक्षक जहाज गश्त करते रहते हैं। अमेरिकी नौसैन्य डिस्ट्रायर यूएसएस डेवी (डीडीजी-105) और रॉयल कैनेडियन नेवी फ्रिगेट एचएमसीएस विन्निपेग 15 अक्टूबर को ताइवान स्ट्रेट के रास्ते से रवाना हुए थे। जिसे लेकर चीन ने यह बयान जारी किया है। चीन का अपने पड़ोसी देशों के साथ विवादों से पुराना नाता रहा है। ताइवान स्वयं को स्वतंत्र राष्ट्र मानता है जिसे चीन स्वीकार नहीं करता। इसी के चलते चीन अक्षर ताइवान के समुद्री तथा नभ क्षेत्र का अतिक्रमण करता रहता है।



