काबुल,२२ जून। अफ़ग़ानिस्तान में आए शक्तिशाली भूकंप में ९०० से अधिक लोगों की मौत हो गई है और ६०० से अधिक घायल बताए जाते हैं। सबसे ज़्यादा नुक़सान पूर्वी प्रांत पक्तिका में हुआ है जहां सैकड़ों घर जमींदोज हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक़, भूकंप का केंद्र दक्षिणी पूर्वी शहर ख़ोस्त से ४४ किलोमीटर दूर स्थित था। भूकंप के झटके अफ़ग़ानिस्तान से लेकर पाकिस्तान और भारत तक महसूस किए गए। अमेरिका के जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता ६.१ थी।
अफ़ग़ानिस्तान के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूकंप से ९२० से अधिक लोगों के मौत की पुष्टि की है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मौतों का आंकड़ा अभी और भी बढ़ सकता है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि भूकंप से सैकड़ों घर तबाह हो गये हैं। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य में हेलीकॉप्टरों को लगाया गया है। वहीं सहायता के लिए एजेंसियों को आने के लिए कहा है। लेकिन भूकंप प्रभावित क्षेत्र दूरस्थ क्षेत्रों में होने के कारण यहां मदद पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं,भूकंप की वजह से पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में भी तबाही मची है और कई लोगों के मरने की ख़बर है। मिली जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान में भी ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत में एक व्यक्ति की मौत हुई है। भूकंप से घर की छत गिरने से इस व्यक्ति की जान गई है। यह भूकंप पाकिस्तानी समयानुसार सुबह १ बजकर ५४ मिनट पर आया था।
शक्तिशाली भूकंप से दहला अफ़ग़ानिस्तान, ९०० से अधिक लोगों की मौत, हजारों घर तबाह
June 22, 2022