21 Views

जवान को पीछे छोडऩे में कामयाब हुई रणबीर कपूर की एनिमल

मुंबई,१७ नवंबर। रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘एनिमल’ १ दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म को लेकर फैंस का अलग ही क्रेज देखने को मिल रहा है। केवल भारत ही नहीं फिल्म का दबदबा विदेशों में भी नजर आ रहा है। अमेरिका में ये फिल्म पूरे ८८८ स्क्रीन पर रिलीज होने वाली है। जबकि रणबीर की पिछली फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ को ८१० स्क्रीन पर दिखाया गया था। इस फिल्म ने शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘जवान’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। फिल्म को यूएस में ८५० स्क्रीन मिली थीं और ‘एनिमल’ को उससे भी अधिक स्क्रीन दी जा रही है।
ये फिल्म पांच भाषाओं में रिलीज होने जा रही है। जिसमें हिंदी समेत तेलुगु तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज होगी। केवल भारत में ही नहीं विदेश में भी फिल्म का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। बीते दिनों न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर बिलबोर्ड पर इसका टीजर दिखाया गया था। ये फिल्म भारत की पहली फिल्म है जिसे विदेश में इतनी स्क्रीन पर रिलीज किया जाएगा।
अपने किरदार से रणबीर कपूर ने सबको हैरान कर दिया है। वह पहली बार डार्क कैरेक्टर में नजर आने वाले हैं। फिल्म का प्री-टीजर और टीजर जारी हो चुका है और फैंस ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं। इसमें रणबीर के साथ रश्मिका की लव स्टोरी नजर आने वाली हैं। इसमें अनिल कपूर को रणबीर के पिता के किरदार में दिखाया है।
रणबीर कपूर की ‘एनिमल’, विक्की कौशल की फिल्म ‘सैम बहादुर’ से टकराने वाली है। रणबीर कपूर की इस फिल्म की लेंथ को लेकर अलग-अलग तरह की खबरें आ रही हैं। फिल्म ३ घंटे की बताई जा रही है। वहीं आईएमडीबी ने फिल्म की लंबाई २ घंटे ६ मिनट बताई है। हालांकि, अभी तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिल्म की पहली झलक ११ जून को दिखाई गई थी और इसे अगस्त में रिलीज किया जाना था। अगर ये फिल्म उस वक्त रिलीज होती तो इसकी टक्कर सनी देओल की ‘गदर २’ से होती। लेकिन इसकी रिलीज डेट टाली गई और अब ये फिल्म १ दिसंबर को रिलीज की जा रही है।

Scroll to Top