16 Views

८वीं बार भारत के सिर सजा एशिया कप का ताज, फाइनल में श्रीलंका को दी ऐतिहासिक मात

कोलंबो,१८ सितंबर। रविवार को कोलंबो में खेले गए एशिया कप फाइनल में भारत ने श्रीलंका को ऐतिहासिक शिकस्त देते हुए एशिया कप चैंपियनशिप रिकॉर्ड आठवीं बार अपने नाम की। फाइनल में मोहम्मद सिराज ने कहर बरपाया और श्रीलंका के ६ खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। उनकी शानदार गेंदबाजी के बदौलत भारत ने श्रीलंका को मात्र ५० रनों के स्कोर पर ढेर कर दिया। जवाब में भारत में बिना कोई विकेट खोए मात्र ६.१ ओवरों में ५१ रन बनाकर यह टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया।
यह मैच खत्म होते वक्त बची हुई गेंदों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत है। टीम ने २६३ गेंद बाकी रहते जीत हासिल कर ली। इससे पहले, टीम इंडिया ने केन्या को २००१ में २३१ गेंद रहते हराया था।
फाइनल मैच में श्रीलंकाई टीम टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए १५.२ ओवर में ५० रन पर ऑलआउट हो गई। सिराज के बाद हार्दिक पंड्या ने श्रीलंकाई टीम को ५० रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आखिरी बैटर्स के ३ विकेट हासिल किए।
जवाब में टीम इंडिया ने ६.१ ओवर में ५१ रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली। टीम से ओपन करने उतरे शुभमन गिल और ईशान किशन ने ५१ रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। गिल ने नाबाद २७ और किशन ने नाबाद २३ रनों की पारी खेली। साथ ही भारत ने सबसे कम गेंद खेल कर टारगेट चेज करने का अपना रिकॉर्ड भी सुधारा है। टीम इंडिया बल्लेबाजी में सिर्फ ३७ गेंद खेलकर मैच जीत गई। पिछला रिकॉर्ड ६९ बॉल का था। भारत ने २००१ में केन्या को इतनी गेंदें खेलकर हराया था।
भारतीय टीम ने ५ साल बाद कोई ट्रॉफी अपने नाम की है। इससे पहले, टीम इंडिया ने २०१८ में वनडे एशिया कप जीता था। तब भी रोहित शर्मा भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे थे।
कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया, इसके लिए उन्हें ५ हजार डॉलर (करीब ४ लाख रुपए) की इनामी राशि मिली। सिराज ने यह रकम ग्राउंड्स स्टाफ की टीम को डोनेट कर दी।
एशियन क्रिकेट काउंसिल ने भी ग्राउंड स्टाफ को ५० हजार डॉलर (करीब ४० लाख रुपए) दिए।

Scroll to Top