श्रीनगर, ०८ जुलाई । कश्मीर में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण मौसम में सुधार होने तक अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण कश्मीर पहलगाम और उत्तरी कश्मीर बालटाल मार्गों पर भारी बारिश के कारण तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए गुफा मंदिर की ओर जा रहे यात्रियों को रोक दिया गया है।
पहलगाम में ३,२०० और बालटाल आधार शिविर में ४,००० तीर्थयात्री हैं। मौसम में सुधार के बाद यात्रा फिर से शुरू होगी।
अधिकारियों ने कहा, १ जुलाई को शुरू होने के बाद से पिछले छह दिनों के दौरान ८४,००० से अधिक तीर्थयात्रियों ने यात्रा की है।
बताते चलें कि जम्मू कश्मीर में गुरुवार को श्री अमरनाथजी पवित्र गुफा में दर्शन करने वाले १७,२०२ से अधिक यात्रियों के साथ ही पिछले सात दिनों के दौरान दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या अब तक ८४,७६८ तक पहुंच गई है।
यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। पवित्र गुफा के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों में १२,४०८ पुरुष, ४,०९५ महिलाएं, ४९० बच्चे, १९२ साधु और १७ साध्वियां शामिल थीं।



