कोलकत्ता। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में चुनाव प्रचार में घायल हुई तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी चार दिन बाद ही चुनाव प्रचार में उतर गई। उन्होंने रविवार को व्हीलचेयर पर बैठकर एक रोड शो को संबोधित किया। इस रोड शो में कहा कि घायल बाघ और अधिक खतरनाक होता है। बनर्जी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रही थीं जबकि सुरक्षाकर्मी उनके व्हीलचेयर को पकड़ कर आगे बढ़ा रहे थे। बनर्जी नंदीग्राम दिवस के मौके पर मायो रोड से हाजरा मोड़ तक पांच किलोमीटर लंबे रोड शो में शामिल हुईं। बनर्जी हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम सीट पर पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। बनर्जी का मुकाबला उनके पूर्व विश्वासपात्र शुभेंदु अधिकारी के साथ है, जो अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। बनर्जी ने कहा कि उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोकने के प्रयास विफल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वह व्हीलचेयर पर राज्य भर में टीएमसी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगी।



