126 Views

लूटा हुआ ताबूत वापस मिस्र को लौटाएगा म्यूजियम, 28 करोड़ में खरीदा था

न्यू यॉर्क। पिछले साल करीब 28 करोड़ रुपये का पुराना सुनहरा ताबूत खरीदकर चर्चा में आए मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट (MET) ने इसे मिस्र को लौटाने का फैसला लिया है। दरअसल, MET ने अब इस बात को मान लिया है कि ईसापूर्व की पहली शताब्दी का यह ताबूत असल में मिस्र से चोरी करके अमेरिका लाया गया था। म्यूजियम अधिकारी ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने इसे 2017 में पैरिस के एक आर्ट डीलर से खरीदा था। अधिकारी के मुताबिक, डीलर ने उन्हें यह यकीन दिला दिया था कि ताबूत को कानूनी तरीके से मिस्र से लिया गया था। लेकिन मिस्र की तरफ से पेश हुए वकील ने म्यूजियम को पर्याप्त सबूत दिखाए और बताया कि इसे 2011 में मिस्र से लूटकर लाया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, यह ताबूत मिस्र देवता हरिसाफ की पूजा करनेवाले प्रसिद्ध पुजारी नेगियमिंख का था। उसपर उनका ही नाम गुदा हुआ है। बता दें कि MET के साथ ऐसा बहुत कम हुआ है कि उसने चोरी की प्राचीन चीजों को खरीदा हो। इससे पहले ऐसा मामला करीब 10 साल पहले सामने आया था। तब म्यूजियम ने 2500 साल पुराना फूलदान खरीदा था, उसके इटली से चुराए जाने का शक था। म्यूजियम ने उसे भी लौटा दिया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top