132 Views

मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘धोनी के आसपास घूमती है टीम इंडिया’

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेट मोहम्मद कैफ ने वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि इस वक्त टीम में धोनी की भूमिका महत्वपूर्ण है, पूरी टीम उनकी तरफ देखती है। कैफ ने कहा कि धोनी का अपना प्रदर्शन अच्छा है, लेकिन मुश्किल परिस्थिति में सभी खिलाड़ी सलाह के लिए उनकी ओर ही देखते हैं। कप्तान विराट कोहली भी कठिन हालात में धोनी से ही सलाह लेते हैं। एक समाचार पत्र से बातचीत में वर्ल्ड कप से पहले पूर्व भारतीय कप्तान के फॉर्म की तारीफ करते हुए कैफ ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया दौरे में धोनी ने शानदार प्रदर्शन किया है। वर्ल्ड कप से पहले उनका फॉर्म में लौटना टीम के लिए अच्छी खबर है।’ कैफ ने यह भी कहा कि इस वक्त टीम इंडिया का संयोजन बढ़िया है और टीम खिताब जीतने की प्रमुख दावेदार है। बता दें कि विकेट के पीछे धोनी की मुस्तैदी टीम इंडिया के लिए काफी फायदेमंद रहा है। यहां तक कि कई गेंदबाज कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल और दूसरे खिलाड़ी भी धोनी से मैदान पर सलाह लेते हुए देखे जाते हैं। डीआरएस और दूसरे मुद्दों पर भी धोनी से कप्तान कोहली सलाह लेते हैं। मोहम्मद कैफ ने बतौर कप्तान विराट कोहली की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘कोहली शानदार खिलाड़ी हैं और उनमें किसी भी परिस्थिति में जीतने की भूख है। वह टीम के लिए अच्छे आदर्श स्थापित करते हैं और सभी खिलाड़ियों को साथ लेकर आगे ले जाते हैं। एक खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर कोहली की उपलब्धियां शानदार हैं।’

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top