निवेशकों की मुनाफावसूली तथा मिलेजुले वैश्विक रुख के बीच गुरुवार को शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 150 अंक तक चढ़ने के बाद अंत में 2.72 अंक की बढ़त के साथ 37,754.89 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 1.55 अंक की तेजी के साथ 11,343.25 के स्तर पर बंद हुआ।
एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, सनफार्मा, यस बैंक, कोल इंडिया, ओएनजीसी, भारती एयरटेल, वेदांता, टाटा स्टील और कोटक बैंक 3.53 प्रतिशत तक चढ़े। वहीं, एचसीएल टेक, हीरो मोटोकॉर्प, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, पावरग्रिड, टीसीएस, एसबीआई तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.16 प्रतिशत तक नुकसान में रहे। कारोबारियों ने कहा कि निवेशकों ने हालिया बढ़त वाले शेयरों में मुनाफा काटा जिससे बाजार में गिरावट आई। आज डॉलर के मुकाबले रुपया मामूली बढ़त के साथ 69.51 प्रति डॉलर पर चल रहा था।



