155 Views

महाराजा रेस्तरां में पकड़ा गया डॉन रवि पुजारी, 22 जनवरी को हुआ था सेनेगल में गिरफ्तार

मुंबई। अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसियों से जुड़े एक अधिकारी ने एनबीटी से गुरुवार रात इस खबर की पुष्टि की। इस अधिकारी के अनुसार, रवि पुजारी को अफ्रीकी देश सेनेगल के डकार इलाके में 22 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। वहां के दूतावास ने भारतीय दूतावास को 26 जनवरी को सूचना दी। रवि पुजारी को पूछताछ के लिए भारत भी लाया जा सकता है।
अधिकारी का कहना है कि रवि पुजारी वहां महाराजा नाम का रेस्तरां चलाता था और साथ ही मुंबई व भारत के अन्य शहरों में उगाही के लिए फोन भी करता था। दो दिन पहले मुंबई क्राइम ब्रांच ने आकाश शेट्टी व विलियम रॉड्र्रिग्स नामक दो आरोपियों पर मकोका लगाया था। उस केस में रवि पुजारी को वॉन्टेड दिखाया गया था। दोनों की गिरफ्तारी पिछले एक पखवाड़ में हुई। ऐसा कहा जाता है कि विलियम ने रवि पुजारी की लोकेशन जांच अधिकारियों को दी। इसी के बाद इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया और 22 जनवरी को उसे गिरफ्तार किया गया। रवि पुजारी पहले छोटा राजन से जुड़ा हुआ था। सितंबर, 2000 में बैंकॉक में छोटा राजन पर हमले के बाद जब राजन गैंग में फूट पड़ी, तो वह भी उससे अलग हो गया और उसने खुद का गैंग बना लिया।उसने बिल्डरों, पत्रकारों, बॉलिवुड हस्तियों सब को धमकाया हुआ था। फिल्म निर्देशक महेश भट्ट की उसने दो बार हत्या की कोशिश की। करीब पांच साल पहले जब फिल्म निर्माता अली मोरानी के जुहू स्थित घर में उसने गोलीबारी करवाई थी, उस वक्त तब के मुंबई क्राइम ब्रांच चीफ सदानंद दाते ने मुंबई में अपनी सभी 15 क्राइम ब्रांच यूनिट्स को उसके गिरोह का खत्म करने का जिम्मा सौंपा था। उस केस में उसके एक दर्जन से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार हुए थे और उसका गिरोह लगभग खत्म सा हो गया था।
इधर कुछ दिनों से उसके धमकी भरे फोन मुंबई के बिल्डरों को फिर आ रहे थे। इसी में 15 जनवरी को त्रिवेंद्रम में विलियम रॉड्रिग्स नामक उसके सबसे खास आदमी को मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। विलियम के कॉल डेटा में आकाश शेट्टी नामक एक और आरोपी का नंबर आया। तब आकाश को मेंगलुरु में एक शादी समारोह से गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया। इन दोनों ने मुंबई के एक बिल्डर का नंबर रवि पुजारी को दिया था। रवि पुजारी उस बिल्डर से दो करोड़ रुपये का हफ्ता मांग रहा था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top