अमृतसर। मनोरंजन जगत के लिए दुखभरी खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजान की अमृतसर जंडियाला गुरु के पास एक सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार तड़के करीब 3.45 बजे यह हुआ। बताया जा रहा है कि दिलजान देर रात कार में अमृतसर से करतारपुर आ रहे थे। दिलजान करतारपुर निवासी थे। यह दुर्घटना कार के डिवाइडर से टकराने से हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। जंडियाला गुरु थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर यादवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के कारणों की जांच करवाई जा रही है। दिलजान मंगलवार तड़के अमृतसर से करतारपुर की तरफ अपनी कार में सवार होकर जा रहे थे। जीटी रोड पर उनकी कार की रफ्तार काफी तेज थी। पुल के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा देख वहां से गुजर रहे लोगों ने अपने वाहनों से राहत अभियान शुरू किया। अस्पताल ले जाने से पहले दिलजान की मौत हो चुकी थी।



