लंदन, प्रेट्र/आइएएनएस। भारत में वांछित भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को लंदन की सड़कों पर आराम से टहलते-घूमते देखा गया है। उसकी जिंदगी पूरी रईसी में कट रही है। उसने ब्रिटिश अखबार टेलीग्राफ को दिए इंटरव्यू के सभी सवालों का जवाब ‘नो कमेंट’ कह कर दिया। एकाएक ब्रिटिश मीडिया की नजरों में आया भारतीय घोटालेबाज खुलेआम लंदन के वेस्ट एंड स्थित 75 करोड़ रुपये की कीमत के आलीशान अर्पाटमेंट में रह रहा है। वह कुछ ही दूरी पर सोहो स्थित हीरे का अपना नया कारोबार भी चला रहा है।
ब्रिटिश अखबार डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक 48 वर्षीय मोदी मशहूर सेंटर प्वाइंट टावर ब्लाक के लक्जरी अपार्टमेंट की एक फ्लोर के आधे हिस्से में रहता है। तीन बेडरूम के इस आलीशान फ्लैट का मासिक किराया ही 17 हजार पौंड (करीब 15 लाख तीस हजार रुपये) है।
लंदन में भगोड़ा कारोबारी नीरव मोदी की मौजूदगी की खबर के बाद फिर से इस मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीरव में समानता का आरोप लगाते हुए दावा किया कि एक दिन दोनों को न्याय का सामना करना होगा.
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “लंदन में भगोड़े नीरव मोदी का वीडियो उसके और उसके भाई प्रधानमंत्री मोदी के बीच की खास समानता को दिखाता है. दोनों ने भारत को लूटा और दोनों को मोदी कहा जाता है.’ उन्होंने दावा किया, ‘दोनों किसी भी सवाल का जवाब देने से इंकार करते हैं. दोनों को लगता है कि वे कानून से ऊपर हैं. दोनों न्याय का सामना करेंगे.’



