इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को कोरोना हो गया है। जीं हां दो दिन पहले ही चीनी कोरोना वैक्सीन लेने वाले इमरानखान जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इमरान को गुरुवार को ही चीन की वैक्सीन की पहली डोज लगी थी। जांच में कोरोना की पुष्टि होते ही इमरान खान होम आइसोलेशन में चले गए। इस चीनी वैक्सीन को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
हाल ही में पाकिस्तान को चीन से करीब पांच लाख वैक्सीन की डोज दान में मिली हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री इमरान खान ने वैक्सीन लगवाई। हालांकि, इमरान खान को अभी पहली डोज ही लगी है। संक्रमण से बचने के लिए दो डोज लगवानी जरूरी हैं। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। पाकिस्तान में शनिवार को इस साल एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक 3,876 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही देश में संक्रमण दर बढ़कर 9.4 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक 623,135 लोग वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं। बीते 24 घंटे के दौरान 40 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 13,799 हो गई है।



