188 Views

पाकिस्तान का आरोप, भारतीय वायुसेना ने लांघी एलओसी

नई दिल्ली। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते लगातार तनावपूर्ण हैं। भारत ने इस हमले का बदला लेने के लिए अपने सुरक्षाबलों को खुली छूट दे दी है। इस बीच, मंगलवार को पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि भारतीय वायुसेना ने सीमा का उल्लंघन किया और पाकिस्तानी सीमा में घुसपैठ की। अब ऐसी खबर है कि पुलवामा आतंकी हमले के 12 दिन बाद भारतीय वायुसेना के पाक के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की खबरें आ रही हैं। न्यूज एजेंसी एनएनआई के मुताबिक आज तड़के वायुसेना के मिराज विमानों ने PoK के बालाकोट और चकोटी में जबर्दस्त बमबारी कर आतंकियों के ठिकाने तबाह किए। पाकिस्तान ने कहा है कि भारतीय वायुसेना ने एलओसी का उल्लंघन किया है। जब पाकिस्तानी वायुसेना ने इसके खिलाफ कार्रवाई की तब भारतीय लड़ाकू विमान वापस लौट गए। मंगलवार को पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट कर भारत पर यह आरोप लगाया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने भी सूत्रों के हवाले से कहा है कि भारतीय वायुसेना के मिराज 2000 लड़ाकू विमानों ने सीमा पार आतंकी कैंपों पर हमला किया और उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। भारत पर सीमा के उल्लंघन का आरोप लगाने वाले ट्वीट के बाद गफूर ने एक और ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा है कि भारतीय वायुसेना ने मुजफ्फराबाद सेक्टर से घुसपैठ की कोशिश की थी। उन्होंने आगे लिखा है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा ठीक समय पर प्रभावी जवाब दिया गया। उन्होंने जानकारी दी है कि घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, भारतीय वायुसेना की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। गौरतलब है कि पुलवामा हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी और बढ़ी है। पिछले दिनों पाकिस्तान के विदेश मंत्री कुरैशी ने यूएन को चिट्ठी लिखकर भारत के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनका देश शांति चाहता है जबकि भारत युद्ध उन्माद फैला रहा है। गौरतलब है कि 14 फरवरी को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गये थे। इसकी जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि इस हमले का करारा जवाब दिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top