नई दिल्ली। भारतीय सीमा में घुसे पाकिस्तान के एफ-16 विमान को लेकर नया खुलासा हुआ है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों के पायलटों ने एसयू-30 और मिग-21 बाइसन समेत अन्य भारतीय विमानों पर 40-50 किलोमीटर की दूरी से चार से पांच अमेरिकी एमराम मिसाइल दागे थे। एमराम अमेरिका में निर्मित मध्यम दूरी की हवा से हवा में मार करने वाली एक उन्नत मिसाइल है।
सूत्रों ने एएनआई को बताया कि 27 फरवरी को भारत पर हमला करने के दौरान एफ-16 विमानों का इस्तेमाल नहीं करने के पाकिस्तानी दावों से और पर्दा उठाने के लिए, भारतीय सेना जमीन पर संभावित क्षेत्रों में गहन खोजबीन अभियान चला रही है, जहां एमराम मिसाइल का मलबा गिरा मिल सकता है। सूत्रों ने कहा, “एफ-16 ने 27 फरवरी को सुखोई सहित भारतीय विमानों पर आंखों से ओझल करीब 40-50 किलोमीटर की दूरी से चार से पांच एमराम मिसाइल दागे, लेकिन वे सभी निशाने से चूक गए।” उन्होंने कहा, “एक बार जब हम एमराम मिसाइलों के और अधिक टुकड़े मिल जाएं जो लक्ष्य को भेदने में नाकाम रहे और हमारी तरफ गिरे, तो पाकिस्तानी और बेनकाब हो जाएंगे।”



