सियोल: उत्तर कोरिया ने अपने अडियल रवैये के कारण फिर चर्चा में आ गया है। अमेरिका में राष्ट्रपति जो बाइडेन के पदभार संभालने के बाद उत्तर कोरिया ने फिर हरकत की। इस बार गुरुवार को बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया। उत्तर कोरिया का यह कदम अमेरिका के साथ कूटनीति में आए गतिरोध के बीच जो बाइडेन प्रशासन पर दबाव बनाने की दिशा में देखा जा रहा है। उधर जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने कहा कि ‘यह परीक्षण ‘जापान और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा’ के लिए खतरा है और टोक्यो ,उत्तर कोरिया की गतिविधियों पर अमेरिका और दक्षिण कोरिया के साथ करीबी समन्वय बनाए रखेगा। यह मिसाइल समुद्र में 450 किलोमीटर दूर जाकर गिरी। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा उत्तर कोरिया के पूर्वी तट पर सुबह करीब सात बजकर छह मिनट और सात बजकर 25 मिनट पर मिसाइलें दागी गईं। अमेरिका हिंद-प्रशांत कमान के प्रवक्ता कैप्टन माइक काफ्का ने कहा कि अमेरिकी सेना को मिसाइलों के बारे में जानकारी है।



