176 Views

दुबई में कारोबारी भाइयों ने शहीद जवानों को 1 करोड़ की आर्थिक मदद का ऐलान किया

दुबई। दुबई में भारतीय मूल के दो उद्यमी भाइयों ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ के 40 जवानों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। एक बयान के मुताबिक, दुबई स्थित रियल स्टेट कंपनी जेमिनी ग्रुप के सुधाकर राव और प्रभाकर राव ने भारत सरकार के जरिए शहीद जवानों के परिवार वालों को 500,000 एईडी (दिरहम) देने की घोषणा की है। बंधुओं ने कहा कि वे अपने संगठन के आर्थिक संसाधनों के एक हिस्से को शहीदों के परिवार वालों की भलाई के लिए समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह घटना तब हुई जब हम यूएई में सहनशीलता, शांति और भाईचारे को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘सहनशीलता के इस साल में, आइए हम दुनियाभर में शांति और भाइचारे की प्रार्थना करें और शांति को बढ़ावा देने में मदद करें ताकि किसी सैनिक पर हमला नहीं हो और किसी भी बच्चे के सिर से पिता का साया नहीं उठे।’ भारत के महावाणिज्य दूत विपुल ने उद्यमी भाइयों की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बल हमें सुरक्षित और महफूज रखते हैं और यह हमारा कर्तव्य है कि हम हर संभव तरीके से उनकी मदद करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top