88 Views

दिल्ली में ढही 4 मंजिला इमारत, 4 बच्चों और 1 महिला की मौत

नई दिल्ली दिल्ली के अशोक विहार फेज-3 की सावन पार्क कॉलोनी में आज सुबह एक पुरानी बिल्डिंग ढह गई है जिसमें कई लोग दबे हैं, कई को बाहर निकाल लिया गया है। इस हादसे में मलबे से बाहर निकाले गए लोगों में से 5 ने दम तोड़ दिया है। मरने वालों में 4 बच्चे और एक महिला हैं। बाकियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गिरने वाली बिल्डिंग करीब 20 साल पुरानी बताई जा रही है, जो जर्जर हो चुकी थी। हादसा 9:23 बजे हुआ। इमारत गिरने से चार बच्चों और एक महिला की मौत हो गई और कम से कम सात लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घायलों को दीप चंद बंधू अस्पताल ले जाया गया। मृतक महिला की पहचान मुन्नी के रूप में की गई है। मृतक दो बच्चे आपस में भाई हैं और उनकी उम्र 10 साल के करीब है। वहीं दो अन्य मृतक बच्चों में एक लड़का है और उसकी पांच साल की बहन है। पुलिस ने बताया कि मलबे में अब भी लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटनास्थल पर चीख-पुकार मची थी, कुछ महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के मलबे में दबे होने की बात कहकर चित्कार कर रही थीं। मौके पर दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस व आपदा प्रबंधन के सदस्य बचाव कार्य में जुटे थे। कैट्स की ऐंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। चीफ फायर ऑफिसर अतुल गर्ग ने घटनास्थल से 9 लोगों को अस्पताल पहुंचाए जाने की पुष्टि की। हादसा सावन पार्क के सी-ब्लॉक में हुआ जहां बिल्डिंग नंबर-42 भरभराकर ढह गई। यह चार मंजिला बिल्डिंग बताई जा रही है। इसलिए 15 से अधिक लोगों के चपेट में आने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के कुछ मिनटों तक हर तरफ धूल का गुब्बार था। तेज धमाके से बिल्डिंग गिरीथी, जिससे लोग एक बार को सकते में आ गए। धूल कुछ छंटी तो आसपास के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और डिजास्टर टीम के मेम्बर पहुंच गए। कैट्स ऐंबुलेंस के लिए रास्ता खाली करवाया गया। लोगों को एक तरफ करके डिजास्टर टीम ने काम शुरू किया। शुरुआती एक-डेढ़ घंटे में 9 लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी हालत नाजुक नजर आ रही थी। इनमें 2 बच्चों ने दम तोड़ दिया था। अब मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों की हालत के बारे में अस्पताल से फिलहाल अपडेट्स नहीं मिले हैं। बचाव कार्य में जुटी एजेंसियों की प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को निकालना और अस्पताल पहुंचाना है। बिल्डिंग कैसे गिरी, इस बारे में बचाव कार्य पूरा होने के बाद जांच की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top