144 Views

तालिबान के साथ वार्ता ‘‘सार्थक’’, अफगानिस्तान में राजनीतिक समझौते की उम्मीद: ट्रंप

वाशिंगटन। तालिबान के साथ ‘‘सार्थक वार्ता’’ जारी होने की जानकारी देते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस से कहा कि अफगानिस्तान में दो दशक पुराने संघर्ष को समाप्त करने के लिए प्रयास करने का समय आ गया है। ट्रंप ने अपने दूसरे वार्षिक ‘स्टेट ऑफ यूनियन’ संबोधन में कहा कि उन्होंने अफगानिस्तान में राजनीतिक समझौते के लिए बातचीत तेज कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हमारे सैनिकों ने बेजोड़ वीरता के साथ लड़ाई की और उनके साहस के बदौलत ही हम आज इस लंबे समय से चले आ रहे खूनी संघर्ष का राजनीतिक समाधान खोज पाने में सक्षम हैं।’’ ट्रंप ने कांग्रेस के संयुक्त सत्र में कहा, ‘‘अफगानिस्तान में मेरा प्रशासन तालिबान सहित कई समूहों से सार्थक वार्ता कर रहा है। इस बातचीत में सफलता पर ही हम वहां अपने सैनिकों को कम करने और आतंकवाद पर ध्यान केंद्रित करने में सक्षम हो पाएंगे।’’ अफगानिस्तान में अभी 14,000 अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। ट्रम्प ने कहा, ‘‘ हमें नहीं पता की समझौता हो पाएगा कि नहीं लेकिन हमें यह पता है कि दो दशकों के संघर्ष के बाद अब कम से कम शांति के लिए प्रयास करने का समय आ गया है।’’ ट्रंप ने हालांकि अमेरिका के खिलाफ कोई भी अप्रिय घटना होने के सबंध में आगाह भी किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top