131 Views

डेल्टा वेरिएंट ने दुनिया भर में ढाया कहर


न्यूजीलैंड, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, वियतनाम में तेजी से बढ़े मामले

वेलिंगटन, 25 अगस्त। कोरोनावायरस के डेल्टा वैरीएंट ने अब दुनिया के विभिन्न देशों में कोहराम मचाना शुरू कर दिया है। विश्व के अनेक हिस्सों में कोरोना संक्रमण के केस बढ़ने लगे हैं। न्यूजीलैंड में मंगलवार को कोरोना के 42 नए मरीज मिले, जो पिछले 16 महीनों में सबसे ज्यादा हैं। न्यूजीलैंड में इससे पहले 10 अप्रैल 2020 को 44 केस मिले थे। वहीं पिछले एक हफ्ते में बढ़े नए मामलों को लेकर देश में लॉकडाउन और कड़ा कर दिया गया है।
न्यूजीलैंड सरकार ने कहा कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए यह लॉकडाउन शुक्रवार तक जारी रहेगा। न्यूजीलैंड के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि देश में डेल्टा वैरिएंट के कारण केस बढ़े हैं। देश में पिछले सप्ताह एक केस मिला था, जिसके बाद मरीज बढ़ने शुरू हो गए।
पिछले एक हफ्ते में 149 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि ऑकलैंड में कम से कम इस महीने के अंत तक लॉकडाउन जारी रहेगा, क्योंकि वहां ज्यादातर मामले सामने आए हैं। प्रधानमंत्री जेसिंडा ने कहा- ‘हमें अभी और जानकारी हासिल करनी है। हमें और अधिक निश्चिंत होने की जरूरत है। हम डेल्टा वैरिएंट को लेकर अब कोई और लापरवाही नहीं बरतना चाहते।’
वहीं अमेरिका में नए मरीजों का आंकड़ा 1.70 लाख को पार कर गया है। विशेषज्ञों का दावा है कि नए मरीजों का आंकड़ा 2 लाख तक पहुंच सकता है। अमेरिका कोरोना के पहले चरण में सबसे अधिक प्रभावित रहा था। लेकिन बाद में वैक्सीनेशन तथा अन्य उपायों के कारण संक्रमण के मामलों में कमी देखने को मिली थी। लेकिन डेल्टा वेरिएंट में अमेरिकी प्रशासन के माथे पर चिंता की रेखाएं बढ़ा दी है।
ऑस्ट्रेलिया में भी अब तक के रिकॉर्ड केस मिल रहे हैं। यहां मंगलवार को 892 केस मिले। जिसके बाद कई इलाकों में लॉकडाउन और सख्त कर दिया गया है।
जापान में ओलिंपिक के बाद नए मरीज बढ़ने शुरू हुए थे, जो थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जापान सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद नए मरीजों का आंकड़ा 25 हजार को पार कर गया है।
एक और अन्य एशियाई देश वियतनाम भी बुरे दौर से गुजर रहा है। यहां एक दिन में 12 हजार तक नए मरीज मिलने लगे हैं। देश में लॉकडाउन लगाया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top