140 Views

जेफ बेजोस की प्रेमिका लॉरन सांचेज के भाई ने ही लीक की थी अफेयर की बात

नई दिल्ली। ऐमजॉन सीईओ जेफ बेजोस के निजी जांचकर्ताओं ने पता किया है कि बेजोस की प्रेमिका लॉरन सांचेज के भाई ने ही दोनों के टेक्स्ट मेसेजेज अमेरिकी टैबलॉयड नैशनल इन्क्वायरर को लीक कर दिया था। न्यूज एजेंसी असोसिएटेड प्रेस ने मामले से वाकिफ एक व्यक्ति के हवाले से यह खबर दी। गौरतलब है कि ऐमजॉन सीईओ ने हाल ही में एक ब्लॉग लिखकर दावा किया था कि नैशनल इन्क्वायरर ने उनकी अंतरंग तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग की कोशिश की। उन्होंने इस मामले की अपने स्तर से जांच भी करवाई, जिसमें उनकी प्रेमिका के भाई की करतूत ही सामने आई है। नैशनल इन्क्वायरर अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का पक्षधर माना जाता है जबकि जेफ बेजोस के मालिकाना हक वाले अखबार वॉशिंगटन पोस्ट में ट्रंप की आलोचनाएं लगातार छपती रहती हैं। इस कारण बेजोस के आंतरिक मामलों से पर्दा उठने के बाद पत्नी मेकेंजी के साथ उनके तलाक के पीछे राजनीतिक साजिश की आशंका भी जताई गई।
लॉरन सांचेज के भाई माइकल सांचेज भी ट्रंप के समर्थक हैं और उनका ट्रंप के सहयोगी रॉगर स्टोन और कार्टर पेज से परिचय है। वह अपनी पूर्व टीवी एंकर रह चुकी बहन लॉरन के मैनेजर भी हैं। बहरहाल, बेजोस के प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर्स ने यह नहीं बताया कि माइकल को अपनी बहन के प्राइवेट मेसेजेज हाथ कैसे लगे। माइकल सांचेज ने इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी। 31 जनवरी को किए ट्वीट में उन्होंने कहा था कि लंबे समय तक बेजोस के सिक्यॉरिटी कंसल्टैंट रहे प्राइवेट इन्वेस्टिगेशन टीम के लीडर गैविन डी बेकर ने झूठे और फालतू की साजिश की अफवाह फैला रहे हैं। वहीं, नैशनल इन्क्वायरर की पैरंट कंपनी अमेरिकन मीडिया इंक (एएमआई) ने इस संबंध में भेजे गए ईमेल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, डेली बिस्ट ने एएमआई के आंतरिक सूत्रों के हवाले से बताया कि माइकल सांचेज ने ही इन्क्वायरर को अपनी बहन के प्राइवेट मेसेज लीक किए थे। गौरतलब है कि नैशनल इन्क्वायरर ने पिछले महीने बेजोस और सांचेज के प्रेम संबंध की खबर प्रकाशित की थी। उसके बाद बेजोस ने अपने स्तर से जांच करवाना शुरू किया कि आखिर यह बात कहां से लीक हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एएमआई ने उन्हें जांच बंद करवाने को कहा और धमकी दी कि अगर जांच बंद नहीं की गई तो वह सांचेज के साथ उनके प्राइवेट फोटो प्रकाशित कर देगी। ध्यान रहे कि बेजोस और पत्नी मेकेंजी के तलाक पर रजामंदी की खबर आ चुकी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top