नई दिल्ली। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सचिन ने खुद अपने ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी दी है। सचिन ने ट्वीट में कहा है कि वह कोरोना से बचाव के लिए हर तरह की सावधानी बरत रहे थे, लेकिन वह आज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर में बाकी सभी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। सचिन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मैं खुद की लगातार टेस्टिंग कर रहा था और सभी जरूरी सावधानी बरत रहा था, ताकि मैं कोरोना मुझसे दूर रहे। हाला्ंकि, मैं आज हल्के लक्षण होने के बाद पॉजिटिव पाया गया हूं। मैं खुद को घर में क्वारंटाइन कर रहा हूं। रोड वर्ल्ड सेफ्टी सीरीज में सचिन तेंदुलकर के अलावा, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, इरफान पठान और यूसुफ पठान जैसे पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। टूर्नामेंट के फाइनल मैच में भारत की टीम ने श्रीलंका को हराया था। फाइनल मैच में युवराज सिंह और यूसुफ पठान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली थी। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने 23 गेंदों में 30 रनों की शानदार पारी खेली थी। भारत की तरफ से टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन सचिन के बल्ले से ही निकले थे और उन्होंने सात मैचों में 38 के औसत से 233 रन बनाए थे।



