मुंबई: एंटीलिया केस में सचिन वाझे के फंसने के बाद महाराष्ट्र सरकार फंसती नजर आ रही है। इस मामले में मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने एक चिट्ठी लिखकर महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल मचा दिया। अनिल देशमुख पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर भाजपा हमलावर हो गई और उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। अब शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि अगर ऐसे ही इस्तीफे लेने लगे तो फिर सरकार चलाना ही मुश्किल हो जाएगा। चेतावनी भी दी कि यदि कोई महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश करेगा तो वो उसी आग में जल जाएगा। अब बता दें कि मामले ने इतना तूल क्यों पकड़ा। दरअसल परमबीर सिंह ने आरोप लगाया कि अनिल देशमुख ने सचिन वाझे को हर महीने 100 करोड़ रुपये की वसूली करने का टारगेट दिया था। उधर गृहमंत्री (अनिल देशमुख) ने कहा कि ‘लेटर बम’ की तथ्यों की जांच होनी चाहिए, सीएम को इसकी जांच करनी चाहिए। बता दें कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे आठ पन्नों के लेटर में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि देशमुख अपने सरकारी आवास पर पुलिस अधिकारियों को बुलाते थे और उन्हें बार, रेस्तरां और अन्य स्थानों से उगाही करने का लक्ष्य देते थे।



