नई दिल्ली। कोरोना के कारण दम तोड़ रही मां के लिए एक बेटे ने वीडियो कॉल पर गाना गाया तो वहां खड़े डॉक्टर भी रो पड़े। असल में कोरोना के कारण रोज किसी न किसी की मौत हो रही है। तमाम परिवार उजड़ रहे हैं। किसी भी मरीज की हालत बिगड़ने पर मानो उसके परिजनों के दिल में उसे खो देने का डर बैठ जा रहा है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक कहानी वायरल हो रही है। इसमें कोरोना वॉरियर डॉक्टर दीपशिखा घोष ने अपने ट्विटर पर लिखा- ‘आज अपनी शिफ्ट पूरी करने से ठीक पहले मैंने कोरोना के चलते अपनी आखिरी सांसें गिन रही एक महिला के बेटे को वीडियो कॉल किया। हम अपने अस्पताल में अकसर ये करते हैं ताकि किसी की आखिरी इच्छा पूरी की जा सके। महिला के बेटे ने मुझसे कुछ मिनट मांगे और वीडियो कॉल पर ही अपनी मरती मां के लिए उसने एक गाना गाया। अगले ट्वीट में दीपशिखा ने बताया, महिला के बेटे ने उसे देखते हुए गाया- तेरा मुझसे है पहले का नाता कोई… मैं फोन लेकर उसे और उसकी मां को देखती खड़ी रही। नर्सें आकर चुपचाप आसपास खड़ी हो गईं। वह गाना गाते-गाते फूटकर रो पड़ा और मुझे थैंक्यू बोलकर उसने फोन रख दिया।



