मुंबई,4 सितंबर। बिग बॉस 13 के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला का 2 सितम्बर को निधन हो गया है। सिद्धार्थ ने बाबुल का आंगन शो से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद उन्हें बालिका वधु शो से फेम हासिल हुआ था। इसके बाद एक्टर कलर्स के शो दिल से दिल तक शो में नजर आए। टीवी शोज के अलावा सिद्धार्थ शुक्ला हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया और ब्रोकन बट ब्यूटीफुल 3 का भी हिस्सा रहे हैं। महज 40 साल की उम्र में एक्टर के दुनिया से रुखसत होने पर हर कोई स्तब्ध है। सिद्धार्थ से पहले भी बॉलीवुड और टीवी के कई सितारे ऐसे हैं जिन्होंने कम उम्र में ही अपने हर फैन और दुनिया को चौंकाते हुए हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। आइए जानते हैं वो सितारे कौन से हैं-
सुशांत सिंह राजपूत
छिछोरे, ड्राइव, केदारनाथ, शुद्ध देसी रोमांस और काय पो छे जैसी बेहतरीन फिल्मों में नजर आ चुके सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून 2020 में आत्महत्या कर ली है। एक्टर की मौत के बाद उनके फैंस ने मर्डर की आशंका जताते हुए सीबीआई जांच की मांग की थी। कई ट्विटर ट्रेंड के बाद सुशांत डेथ केस सीबीआई को सौंपा गया था, हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। एक्टर के निधन से ड्रग एंगल भी सामने आया था जिसके बाद उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और उनके भाई को जेल की हवा खानी पड़ी थी। सुशांत महज 34 साल के थे।
जिया खान
गजनी, निशब्द और हाउसफुल जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस जिया खान ने 3 जून 2013 में अपने जुहू स्थित घर में आत्महत्या की थी। उनके घर से कुछ नोट्स मिले थे जिनमें उन्होंने ब्वॉयफ्रेंड आदित्य पंचोली द्वारा धोखा देने और उनका लापरवाही से अबॉर्शन करने की बात लिखी थी। एक्ट्रेस की मौत के सालों बाद अब अगस्त 2021 में उनका केस सीबीआई को सौंपा गया है।
प्रत्युषा बनर्जी
बालिका वधु शो में आनंदी का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी ने 1 अप्रैल 2016 को अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जिस समय एक्ट्रेस गुजरीं तब वो महज 25 साल की थीं। प्रत्युषा एक्टर राहुल राज सिंह के साथ रिलेशनशिप में थीं। मौत के कुछ देर पहले प्रत्युषा ने अपने ब्वॉयफ्रेंड राहुल को मरने की धमकी भी दी थी। दोनों की चैट सामने आने के बाद राहुल को रिमांड में लिया गया था।
इंदर कुमार
तुमको भुला ना पाएगा, वॉन्टेड जैसी कई हिट फिल्मों में नजर आ चुके एक्टर इंदर कुमार की मौत 28 जुलाई 2017 में कार्डियक अरेस्ट से हुई थी। एक्टर महज 44 साल के थे। इंदर की वाइफ ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि आखिरी समय में एक्टर आर्थिक तंगी से परेशान थे।
दिव्या भारती
90 के दशक की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेस में से एक रहीं दिव्या भारती का निधन 1993 में महज 19 साल की उम्र में हो गया था। एक्ट्रेस की मौत अपने घर की बिल्डिंग से गिरने के कारण हुई थीं। जहां कुछ लोगों का मानना है कि एक्ट्रेस नशे की हालत में अपनी बालकनी से फिसलकर गिरी थीं तो वहीं कुछ लोग इसे मर्डर बताते हैं। कम उम्र में दुनिया छोड़ चुकीं एक्ट्रेस की मौत आज भी कई लोगों के लिए मिस्ट्री है। दिव्या ने मौत के कुछ महीनों पहले ही प्रोड्यसूर साजिद नाडियाडवाला से गुपचुप शादी की थी और दोनों साथ ही रहा करते थे।
