नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ 23 मार्च से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में प्लेइंग इलेवन की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। पहले मैच के लिए भारतीय टीम में दो नए खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ ने वनडे सीरीज के लिए तीन नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, जिनमें एक बल्लेबाज, एक ऑलराउंडर और एक गेंदबाज है। बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव, ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा पहली बार भारत की वनडे टीम में चुने गए हैं, लेकिन इनमें से दो ही खिलाड़ियों को पहले वनडे मैच में अपना वनडे क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की प्लेइंग इलेवन में फिट करना पसंद करेंगे। भारतीय टीम रोहित शर्मा और शिखर धवन की ओपनिंग जोड़ी के साथ मैदान पर उतर सकती है, जबकि कप्तान विराट कोहली का तीसरा स्थान पक्का रहेगा। चौथे स्थान पर सूर्यकुमार यादव को आजमाया जा सकता है। ऐसे में पांचवें स्थान पर केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के बीच में जंग होगी।



