नई दिल्ली: चीन की आपत्ति के बाद अमेरिका की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने भी करारा जबाव दिया है। शनिवार को मस्क ने कहा कि टेस्ला की कार का इस्तेमाल जासूसी के लिए होता है तो वे अपनी कंपनी बंद कर देंगे। यह प्रतिक्रिया उन रिपोर्ट के बाद आई, जिनमें चीन की सेना ने अपने परिसरों में टेस्ला की कारों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही थी। एक प्रमुख चीनी फोरम के वर्चुअल डिस्कशन में बोलते हुए एलन मस्क ने कहा कि हमारे पास किसी भी सूचना को बहुत गोपनीय रखने के कई कारण मौजूद हैं। यदि चीन या कहीं और किसी वाहन का इस्तेमाल जासूसी के लिए होता है तो टेस्ला को बंद कर दिया जाएगा। असल में आपकों बता दें कि चीनी सेना ने टेस्ला की कारों में लगे कैमरों से सुरक्षा चिंता जताते हुए प्रतिबंध लगाया था। चीन दुनिया का सबसे बड़ा कार बाजार माना जाता है। पिछले साल टेस्ला ने चीन में 1,47,445 कारों की बिक्री की थी।



