नई दिल्ली, बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री (चाइल्ड पोर्नोग्राफी) देखने और उसे डाउनलोड करने के आरोपों पर अमेरिका में एयर इंडिया के एक पायलट को गिरफ्तार करने का मामला प्रकाश में आया है। यात्रियों के सामने ही हथकडि़यां पहनाकर पायलट को विमान से उतार लिया गया और बाद में उसे वापस भारत भेज दिया गया।
अधिकारियों ने बताया, ‘रविवार को जब दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को की उड़ान अमेरिका पहुंची तो पायलट को यात्रियों के सामने ही हथकड़ी पहना दी गई और विमान से उतार लिया गया।’ पायलट पर कथित तौर से चाइल्ड पोर्नोग्राफी (बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री) देखने और इससे संबंधित सामग्री डाउनलोड करने के चलते एफबीआइ जैसी जांच एजेंसियां पहले से नजर रखे थीं।
सूत्रों का कहना है कि भारतीय पायलट पिछले कुछ समय से एफबीआई के निशाने पर था। एजेंसी उस पर लगातार नजर रख रही थी। सोमवार को फ्लाइट सेन फ्रांसिस्को पहुंची तो एजेंसी ने अपने कानून के मुताबिक कार्रवाई करके उसे गिरफ्तार कर लिया।



