नई दिल्ली। बॉलीवुड की ‘रंगीला गर्ल’ उर्मिला मातोंडकर आज भले ही फिल्मों से दुर हो गई हो लेकिन वह सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहती हैं। आज रंगीला गर्ल उर्मिला मातोंडकर अपना 45वां बर्थडे सेलीब्रेट कर रही हैं। उर्मिला ने अपने जन्मदिन सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर किया है। आपको बता दें कि उर्मिला का जन्म 4 फरवरी 1974 को मुंबई में हुआ था । उर्मिला ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड एक्ट्रेस मराठी फिल्म ‘झाकोला’ (1980) से की थी। ‘कलयुग’ (1981) उनकी पहली हिंदी फिल्म थी। उर्मिला आज भले ही फिल्मों से दूर हैं लेकिन 90 और शुरुआती 20 के दशक में उनका जादू लोगों के सिर चढ़कर बोलता था। उर्मिला ने 1983 में फिल्म ‘मासूम’ से चाइल्ड आर्टिस्ट के रुप में बॉलीवुड में डेब्यू किया था। वहीं लीड एक्ट्रेस बनकर वे पहली बार 1992 में फिल्म ‘चमत्कार’ में नजर आईं। उर्मिला को फिल्में तो बहुत मिलीं लेकिन रामगोपाल वर्मा की फिल्म ‘रंगीला’ ने उन्हें सुपरहिट एक्ट्रेस बनाया। 1995 में आई फिल्म रंगीला के लिए उर्मिला को बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिला था। इसके बाद उर्मिला को फिल्म सत्या, पिंजर, जुदाई और कौन जैसी कई शानदार फिल्मों में देखा गया। 2014 में उनकी आखिरी फिल्म अजूबा आई थी। पिछले साल उर्मिला ने इरफान खान की फिल्म ‘ब्लैकमेल’ में एक आइटम सॉन्ग से वापसी की थी। शादी से पहले उर्मिला और डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा के अफेयर की खबरें खूब छाई रहती थीं। हालांकि दोनों ने अफेयर को लेकर कभी बात नहीं की। बताया जाता है कि उर्मिला के करियर को टॉप पर पहुंचाने में राम गोपाल वर्मा ने काफी मदद की थी और कहा जाता है कि उन्हीं की वजह से ही उर्मिला का करियर बर्बाद भी हुआ। उर्मिला ने साल 2016 में कश्मीरी बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन अख्तर मीर से शादी कर ली थी। उर्मिला ने गुपचुप तरीके से शादी की थी । दिलचस्प बात यह है कि मोहसिन उर्मिला से उम्र में 10 साल छोटे हैं। इन दिनों उर्मिला अपनी शादीशुदा जिंदगी पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं। आपको बता दें कि उर्मिला और मोहसिन की मुलाकात कॉमन फ्रेंड मनीष मल्होत्रा के जरिए हुई थी। उर्मिला के पति के बारे में बात करें तो मोहसिन अख्तर मीर, कश्मीर के बिजनेसमैन और मॉडल हैं। उनका कपड़ों का कारोबार है, यही नहीं, वे जोया अख्तर की फिल्म ‘लक बाय चांस’ में अभिनय भी कर चुके हैं। मोहसिन और मनीष मल्होत्रा आपस में अच्छी बॉन्डिंग शेयर करते हैं। मोहसिन, 2007 में मिस्टर इंडिया प्रतियोगिता में दूसरे रनर अप रहे हैं। यही नहीं, मोहसिन, मनीष मल्होत्रा के कई शो में मॉडलिंग कर चुके हैं।



