92 Views

इस्तेमाल करें ‘बाय नाउ, पे लेटर’, ऑफर की होगी भरमार

नई दिल्ली,7 सितंबर। भारतीय बाजारों में अब ‘बाय नाउ, पे लेटर’ (BNPL) ऑफर की भरमार होगी। देश में ‘बाय नाउ, पे लेटर’ कॉन्सेप्ट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इस ब्याज-मुक्त लोन सुविधा के तहत आप कोई भी चीज खरीदकर उसकी कीमत कुछ दिनों बाद चुका सकते हैं। लोन कंपनियां और बैंक यह खर्च उठाते हैं और बिना ब्याज कर्ज चुकाने के लिए आपको कुछ दिनों की मोहलत देते हैं। कई ई-कॉमर्स कंपनियां और ऐप बाय नाउ, पे लेटर सुविधा दे रहे हैं। 2020 में भारत का ‘बाय नाउ, पे लेटर’ मार्केट करीब 44,500 करोड़ रुपए का था और 2028 तक यह बाजार करीब 3,86,870 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। बैंकबाजार के सीईओ आदिल शेट्टी ने बताया कि ‘बाय नाउ, पे लेटर’ सिर्फ पार्टनर मर्चेंट के पास खर्च सकते हैं जबकि क्रेडिट कार्ड को कहीं पर भी खर्च किया जा सकता है। दोनों ब्याज-मुक्त समय देते हैं। क्रेडिट कार्ड पर ब्याज और दूसरे फीस होते हैं। बाय नाउ पे लेटर में लेट पेमेंट पेनल्टी लगती है, लेकिन लोन का खर्च ग्राहक के बजाय मर्चेंट से वसूला जाता है। पर्सनल लोन आप 40 लाख रुपए तक का ले सकते हैं, जबकि बाय नाउ पे लेटर एक स्मॉल क्रेडिट हैं। पर्सनल लोन आपके बैंक अकाउंट में आता है। दूसरी ओर बाय नाउ पे लेटर का खाता क्रेडिट कंपनी के साथ ही रहता है। इसके अलावा पर्सनल लोन चुकाने की अवधि 5 साल तक होती है, जबकि बाय नाउ पे लेटर में अधिकतम 6 महीनों की मोहलत मिलती है। बाय नाउ पे लेटर में लोन प्रोवाइडर के साथ डिजिटल केवाइसी के जरिए कुछ ही मिनटों में रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसकी कोई प्रोसेसिंग फीस या जोइनिंग फीस नहीं होती। अकाउंट खुलने पर खरीदारी करते समय लोन का इस्तेमाल कर सकते हैं। ध्यान अवश्य रखें कि इस पैसे से आप बाय नाउ पे लेटर फर्म के पार्टनर मर्चेंट के साथ ही खरीदारी कर सकते हैं। बीएनपीएल के तहत कुछ हजार से ले कर एक लाख रुपए तक के लोन मिलते हैं। अकसर इन पर ब्याज नहीं लगता है, लेकिन यदि यह लोन किस्तों में चुकाएंगे तो ब्याज देना होगा। लोन चुकाने के लिए 14 दिन से लेकर 6 महीने तक की मोहलत मिलती है। यदि आपने पेमेंट लेट किया तो पेनल्टी भी देनी पड़ेगी। जो ग्राहक क्रेडिट कार्ड नहीं इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए बीएनपीएल एक अच्छा विकल्प है। रजिस्ट्रेशन आसानी से हो जाता है। इसमें क्रेडिट स्कोर या आय संबंधी प्रमाण की दिक्कतें कम होती हैं। कोरोना काल में काफी लोग खर्च चलाने के लिए बाय नाउ पे लेटर की सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top