नई दिल्ली। कोरोना की गति न रुकने के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीकेंड कर्फ्यू लगा दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल ने गुरुवार को समीक्षा बैठक की। केजरीवाल ने प्रेस वार्ता कर वर्तमान परिस्थिति के बारे में बताया। केजरीवाल ने बताया कि सरकार ने राजधानी में वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। हर सप्ताह शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक दिल्ली में कर्फ्यू लागू रहेगा। दिल्ली के अस्पतालों में बेड की कोई कमी नहीं है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक 5000 से भी अधिक बेड फिलहाल उपलब्ध हैं। बढ़ते कोरोना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने सभी से नियमों का पालन करने और कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील भी की है।



