लंदन: अंटार्कटिका में ब्रंट आइस शेल्फ से बर्फ का न्यूयार्क शहर जितना विशाल हिस्सा टूटकर अलग हो गया। यह जगह ब्रिटेन की साइंटिफिक आउटपोस्ट से नजदीक ही है। ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे में इसका खुलासा हुआ है। सर्वे के मुताबिक, आइसबर्ग का टूटा हुआ हिस्सा 1270 वर्ग किलोमीटर का है। यहां बर्फ की मोटाई करीब 150 मीटर है। इसमें बड़ी दरारें होने की संभावना है, इन्हीं दरारों के कारण पिछले लंबे समय से एक बड़े आइसबर्ग के टूटने की आशंका थी। वर्तमान हालात की बात करें तो अभी इस जगह एक खाई सी बन गई है। नवंबर में यहां एक बड़ी दरार दिखी थी, जनवरी में यह एक किमी तक बढ़ गई। सर्वे कर रही संस्था ने इसका एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो में ये दरारें दिख रही हैं। बीएएस के डायरेक्टर जेन फ्रांसिस ने कहा है कि हमारी टीमें कई साल से इस स्थिति के लिए तैयार हैं। सैटेलाइट इमेज हर रोज का अपडेट मिलता है।



