पोर्ट-ओ-प्रिंस,16 अगस्त। कैरेबियन देश हैती में लगातार दूसरे दिन भी भूकंप आया। इस दौरान भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दोनों घटनाओं में कुल मिलाकर 727 लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग लापता बताए गए हैं। दूसरे भूकंप की पुष्टि यूरोपियन मेडिटेरियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर ने भी की है। सेंटर के मुताबिक, भूकंप का केंद्र लेस केस शहर से उत्तर-पश्चिम में 41 किलोमीटर की दूरी पर स्थित था। इसकी गहराई करीब 30 किलोमीटर आंकी गई है। शनिवार को आए भूकंप की तीव्रता 7.2 थी और इस घटना में 300 से ज्यादा लोग मारे गए थे और 1800 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। अमेरिका ने हैती को मदद का भरोसा दिलाया है। हैती में भूकंप से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
हैती बहुत छोटा सा देश हैं। इसकी कुल जनसंख्या एक करोड़ 10 लाख है। 2010 में यहां भूकंप ने सबकुछ तबाह कर दिया था। तब तीन लाख लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 2016 में यहां मैथ्यू ने तबाही मचाई थी। उसमें दो हजार लोग मारे गए थे। देश में इस वक्त सियासी संकट भी चल रहा है। सात जुलाई को यहां के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से हालात काफी अस्थिर हैं। भूकंप के बाद देश में खाने-पीने सहित दूसरी बुनियादी चीजों की सप्लाई की भारी कमी हो गई है। कई अस्पतालों को भी नुकसान हुआ है। इससे घायलों के इलाज में दिक्कत हो रही है। खुले में बिस्तर लगाकर उनका इलाज किया जा रहा है। कई इमारतें गिर गई हैं। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।
50 Views