111 Views

भारत को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं भाजपा और संघ के लोग, कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगीः राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। बर्लिन में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) भारत को तोड़ने और नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे-लंबे भाषण दिए जा रहे हैं और नफरत पैदा की जा रही है। दरअसल तकनीकी गड़बड़ी के कारण गुरुवार को राहुल के संबोधन का सीधा प्रसारण नहीं हो सका था। केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं और नौजवान अपने लिए बेहतर भविष्य नहीं देख पा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘कांग्रेस का ताल्लुक समाज के सभी वर्गों, धर्मों और जातियों से है और हम विविधता में एकता पैदा करते हैं।’

बेरोजगारी की समस्या पर बोलते हुए उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि चीन 24 घंटे में 50 हजार लोगों को नौकरी देते है जबकि हम 1 दिन में सिर्फ 450 लोगों को रोजगार दे पाते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि  हमारा काम लोगों को एकजुट कर देश को प्रगति के रास्ते पर ले जाना है और हमने यह करके भी दिखाया है। राहुल ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि भारत तरक्की की राह पर चले और आपको ये सुनने को ना मिले कि कोई भारतीय नफरत फैला रहा है। इससे पहले जर्मनी के हैम्बर्ग में कांग्रेस अध्यक्ष ने भारत में बढ़ रही मॉब लिंचिंग की घटनाओं  की वजह को बेरोजगारी से जोड़ा था। भारत में बढ़ती बेरोजगारी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट का उदाहरण दिया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top