109 Views

कांग्रेस में हुए कई बदलाव, मोतीलाल की जगह अहमद बने पार्टी कोषाध्यक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि अब तक इस जिम्मेदारी को संभाल रहे मोतीलाल वोरा को महासचिव (प्रशासन) बनाया है। राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी के स्थान पर लुईजिन्हो फ्लेरियो को पूर्वोत्तर के राज्यों (असम को छोड़कर) का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को कर्ण सिंह के स्थान पर पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति में बतौर स्थायी आमंत्रित सदस्य शमिल किया गया है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने एक बयान में कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अहमद पटेल को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही मोतीलाल वोरा को महासचिव (प्रशासन) बनाया गया है।’ उन्होंने कहा, ‘पार्टी बतौर कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की कड़ी मेहनत और योगदान की सराहना करती है।’ अहमद पटेल को गांधी परिवार का करीबी माना जाता है। वो गुजरात से राज्यसभा सांसद हैं। पटेल ने अपनी राजनीतिक सफर की शुरुआत नगरपालिका के चुनाव से की थी, जिसके बाद आगे पंचायत के सभापति भी बन गए। आपातकाल के बाद 1977 में हुए आम चुनाव में इनकी जीत हुई और ये पहली बार लोकसभा में आए। वह 2001 से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव हैं और 2004 और 2009 के आम चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का श्रेय उन्हें दिया जाता है। पटेल ने संसद में गुजरात का सात बार प्रतिनिधित्व किया है। लोकसभा (1977-1989) में तीन बार और राज्यसभा (1993 से) में चार बार। अभी वह गुजरात से एकमात्र मुस्लिम संसद सदस्य हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top