59 Views

इस्लामी विद्रोहियों के हमले में 100 की मौत

नियामे। अफ्रीकी देश बुर्किना फासो के एक गांव में सशस्त्र हमलावरों द्वारा कम से कम हमला कर 100 लोगों की हत्या की खबरें सामने आई हैं। बुर्किना फासो की सरकार के प्रवक्ता ने शनिवार को कहा कि देश के उत्तरी हिस्से के एक गांव में सशस्त्र हमलावरों ने कम से कम 100 लोगों की हत्या कर दी। हमले में कई लोगों के गंभीर रुप से घायल होने की भी खबर है। यह हमला पिछले कई सालों में हुआ सबसे हिंसक बताया जा रहा है।
सरकार के प्रवक्ता औसेनी तंबोरा ने एक बयान में इस्लामी जिहादियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह हमला साहेल याघा प्रांत के सोल्हान गांव में शुक्रवार शाम को किया गया था।
तंबोरा ने कहा कि नाइजर की सीमा के पास वाले इलाके के कई घरों और स्थानीय बाजार में आगजनी भी की गई। पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो के राष्ट्रपति रोच मार्क क्रिश्चियन कबरे ने इस हमले को ‘बर्बर’ करार दिया। हमले के स्थान से करीब 12 किलोमीटर दूर सेब्बा शहर के अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदारों को देखने गए एक व्यक्ति ने सुरक्षा के मद्देनजर नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि उसने अस्पताल में प्रवेश करते ही कई घायल लोगों का उपचार होते देखा। उन्होंने कहा, ‘मैंने एक कमरे में 12 घायलों को जबकि दूसरे कमरे में 10 लोगों को देखा। कई लोग अपने घायल रिश्तेदारों की देखभाल कर रहे थे।’ गौरतलब है कि बुर्किना फासो लंबे समय से इस्लामी विद्रोहियों से जूझ रहा है। देश में अक्सर छिटपुट घटनाएं होती रहती है। कभी-कभी आतंकी इस प्रकार के बड़े हमले करने में भी कामयाब हो जाते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top